गोखले मार्ग के अतिक्रमण पर सख्ती, पुलिस ने काटे चालान
कोतवाली पुलिस ने दूसरे दिन भी गोखले मार्ग में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
गोखले मार्ग पर रेहड़ी-ठेली वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस ने अतिक्रमणकारियों के चालान काटते हुए उन्हें जल्द मार्ग खाली करने की चेतावनी दी। कहा कि गोखले मार्ग पर लगने वाली रेहड़ी-ठेली के लिए नजीबाबाद रोड स्थित गाड़ीपड़ाव में व्यवस्था बनाई गई है। बुधवार सुबह पुलिस व नगर निगम की टीम ने स्टेशन रोड की ओर से अभियान की शुरूआत की। टीम को देख गोखले मार्ग में रेहड़ी-ठेली लगाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई रेहड़ी-ठेली वाले अपना सामान लेकर गलियों में भागने लगे। मार्ग में नाली के बाहर दुकान लगाने वाले रेहड़ी व फड़ व्यापारियों को पुलिस ने सख्त हिदायत दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगमोहन रमोला ने बताया कि गोखले मार्ग को खाली करवाने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। फल व सब्जी व्यापारियों को दो दिन के भीतर मार्ग पूरी तरह खाली करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि पूर्व में रेहड़ी-ठेली वालों के लिए गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट होने की व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन अधिकांश रेहड़ी-ठेली वाले जगह-जगह सड़कों पर घूमते रहते हैं। कहा कि नई यातायात व्यवस्था के तहत झंडाचौक से नजीबाबाद रोड जाने वाले वाहनों के लिए गोखले मार्ग से व्यवस्था बनाई जा रही है, इसके लिए गोखले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा रहा है।