जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जयहरीखाल ब्लॉक में ताड़केश्वर बाबा की ग्रीष्मकालीन पूजा इस बार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में रविवार 24 मई को श्रद्धा और उल्लास के साथ होगी। इस दिन श्रद्धालु अपनी उपज के अग्रांश को अग्याल के रूप में बाबा को अर्पित करते हैं। क्षेत्र में इसके बाद ही नई उपज का उपभोग करने की परंपरा रही है। पूजा से पूर्व मंदिर परिसर व स्नानकुण्डों की साफ-सफाई और परिसर की साज-सज्जा की विशेष व्यवस्था करने का का निर्णय लिया गया। साथ ही मंदिर के विकास में उल्लेखनीय योगदान करने वाले प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।
श्री ताड़केश्वर धाम सांस्कृतिक एवं विकास समिति की बैठक में आगामी 24 मई को होने वाली ग्रीष्मकालीन पूजा की तैयारियों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित वीरेंद्र सकलानी ने जानकारी दी कि इस बार ताड़केश्वर बाबा की ग्रीष्मकालीन पूजा का दिन येष्ठ शुक्ल पक्ष में रविवार 24 मई को निश्चित हो गया है। यह पूजा ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में 24 मई रविवार को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न होगी। इस दिन क्षेत्र के श्रद्धालुजन अपनी उपज के अग्रांश को अग्याल के रूप में बाबा को अर्पित करते हैं। क्षेत्र में इसके बाद ही नई उपज का उपभोग करने की परंपरा रही है। बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए मुख्य पुजारी वीरेंद्र सकलानी व द्वितीय पुजारी संदीप कुमार सकलानी के साथ ही तेजेन्द्र सिंह (ग्वीलाणी), पंडित उमेश खंतवाल (कंडिया), विभाष चंद्र व वाचस्पति खंतवाल (बबीना), महिपाल सिंह चौहान (घोटला), पंडित सूर्यप्रकाश भारद्वाज (मंज्याड़ी) को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया। समिति के अध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन सचिव संतोष खंतवाल ने किया। बैठक में पुजारी संदीप कुमार, उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, सुरेश ध्यानी, सहसचिव श्रीमती उषा चौहान, कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह, धनपाल सिंह चौहान, उमेश चंद्र खंतवाल, तेजेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।