सुनील नरेन की डबल सेंचुरी! आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाले बने पहले विदेशी खिलाड़ी

Spread the love

नईदिल्ली, वेस्टइंडीज के मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन को आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक माना जाता है. उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वो आईपीएल में 200 विकेट पूरे करने वाले तीसरे जबकि पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं. इसके अलावा किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए ये कारनामा करने वाले भी पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
सुनील नरेन ने ये उपलब्धि आईपीएल 2026 के 45वें मैच सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स में हासिल की. नरेन ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और 31 रन देकर 2 विकेट लिए.
अब नरेन के नाम 197 आईपीएल मैचों में 201 विकेट हैं. वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. उनसे आगे युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार हैं. लेकिन एक विदेशी खिलाड़ी के तौर पर 200 विकेट लेने वाले वह पहले गेंदबाज हैं.
सबसे अहम बात यह है कि नरेन ने अपने सभी 201 विकेट कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ही लिए हैं. वह 2012 से लगातार केकेआर का हिस्सा रहे हैं. आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी खिलाड़ी ने एक ही टीम के लिए 200 विकेट पूरे किए हों.
वह पिछले 14 सालों से केकेआर के लिए मैचों में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं और अब इस उपलब्धि ने उनके करियर को और भी यादगार बना दिया है. यह उपलब्धि न सिर्फ सुनील नरेन के लिए, बल्कि पूरी केकेआर फ्रेंचाइजी के लिए भी गर्व का पल है.
सुनील नरेन ने 2012 में आईपीएल में डेब्यू किया था. आईपीएल के इस महान स्पिनर ने अब तक 197 मैचों में 25.53 की औसत से 201 विकेट लिए हैं. गेंदबाजी के साथ-साथ, नरेन ने अपनी बल्लेबाजी से भी केकेआर को कई मैच जिताए हैं. बाएं हाथ से आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए, नरेन ने 165.30 के स्ट्राइक रेट से 1820 रन बनाए हैं.
मैच की बात करें तो कोलकाता ने हैदराबाद को 7 विकेट से मात दे दी है. 166 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने रहाणे के 47 और रघुवंशी के 59 रनों की बदौलत 3 विकेट खोकर 18.2 ओवर में हासिल कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *