जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रामीण संस्था विकास विज्ञान समिति की ओर से दुर्गापुर स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल में महिला सशक्तिकरण को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिला समूहों से जुड़ी करीब 50 महिलाओं को नारी शक्ति किट वितरित की गई।

मुख्य अतिथि सुनीता कोटनाला ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए महिलाओं से समूह बनाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने लखपति दीदी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं समूह के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकती हैं। भाजपा नेता डॉ. गौरव जोशी ने कहा कि नारी सशक्त होगी, तभी देश सशक्त बनेगा। उन्होंने महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्राविस के समन्वयक रोशन लाल कुकरेती ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जोधपुर, राजस्थान से संचालित ग्राविस विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बालागंज स्थित संस्था के उप कार्यालय में भी गोष्ठी आयोजित की गई। समिति कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ फलोद्यान और बागवानी के विकास के लिए भी कार्य कर रही है। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए चंद्रमोहन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि समन्वयक अधिकारी दुगड्डा शशि बिंजोला, नीलम आर्य, सुखपाल शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।