जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला उद्योग केंद्र की ओर से आयोजित निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला में स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने व जनपद में निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के तरीके सिखाए गए।
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के उप महानिदेशक हेमंत कुमार व केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यशाला में भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर उद्यमियों का मार्गदर्शन किया। भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (फियो) की उप निदेशक मनीषा झा ने निर्यातकों को उपलब्ध सेवाओं व संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, एमएसएमई मंत्रालय, हल्द्वानी के सहायक निदेशक अमित मोहन ने सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यमों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं व प्रोत्साहनों की जानकारी साझा की। एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि अमोल शर्मा ने निर्यात इकाइयों के लिए वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और बैंकिंग सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की। सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान ने स्थानीय उत्पादों की निर्यात संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि जनपद में निर्मित उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रबंधक उपासना सिंह, आरपी आर्य सहित अनेक उद्यमी और अधिकारी उपस्थित रहे।