कोटद्वार-पौड़ी

विकास के नाम पर प्रदेशवासियों को ठग रही सरकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी रवि सहगल ने कहा है कि उत्तराखंड की जनता को मनन करना होगा कि राज्य निर्माण के लंबा समय बीतने के बाद भी उत्तराखंड पृथक राज्य की अवधारणा के अनुरूप विकसित क्यों नहीं हो पाया है। सरकार ने विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया है।
सोमवार को गांव चलो अभियान के अंतर्गत कोटद्वार पहुंचे प्रदेश प्रभारी रवि सहगल ने एक होटल में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के सिद्धांतों और योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए गांव चलो अभियान आरंभ किया गया है। कहा कि प्रदेश का विकास भाजपा व कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के कारण अवरूद्ध हुआ है। दोनों ही दलों में मुख्यमंत्री बनने की होड़, भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश का विकास नहीं हो पाया है। प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रदेश वासियों को सबसे पहले भाजपा-कांग्रेस से मुक्ति की आवश्यकता है। कहा कि राज्य निर्माण से पूर्व ही बसपा सरकार में यूपी में मुख्यमंत्री रही मायावती ने उत्तराखंड को ऊधम सिंह नगर, रूद्रप्रयाग, चंपावत व बागेश्वर के रूप में चार जिलों की सौगात दी। जबकि उसके बाद सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस व भाजपा एक भी जिले का निर्माण नहीं कर पाई। राज्य में सांप्रदायिकता व जातिवाद के कारण सामाजिक बंधुत्व भी कमजोर हुआ है। कहा कि इन सबसे जनता परेशान हो चुकी है और सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। इससे पहले प्रदेश प्रभारी रवि सहगल व प्रदेश महासचिव डॉ. नाथीराम के कोटद्वार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!