जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल में आयोजित चतुर्थ वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका कीर्ति सुधा के चतुर्थ संस्करण का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीईओ द्वारीखाल डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजकीय विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को राजकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलवाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार दिए गए। वार्षिकोत्सव में प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी, पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष सतपुली जितेंद्र सिंह चौहान, राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री मनमोहन चौहान, जनपद उपाध्यक्ष पूरन नेगी, जीआईसी पाली लंगूर के पूर्व प्रधानाचार्य नागेंद्र चौहान, समाज सेवी भारत सिंह रावत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता इंद्रपाल, छात्र अंकुश, कामिनी एवं दीपाली ने किया।