12 वर्षों की प्रतीक्षा खत्म: दरणा गांव को मिली सड़क की सौगात, भूमि पूजन में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

Spread the love

बागेश्वर। वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव में कठिन जीवन जी रहे दरणा गांव के ग्रामीणों के लिए बुधवार का दिन उम्मीदों की नई किरण लेकर आया। बहुप्रतीक्षित कोट्टुलारी-दरणा मोटर मार्ग का भूमि पूजन ब्लॉक प्रमुख किसन बोरा ने विधिवत संपन्न कराया। करीब 12 वर्षों से लंबित इस सड़क परियोजना की शुरुआत होते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार इस सड़क का सर्वे कार्य लगभग 12 वर्ष पूर्व पूरा हो चुका था, किंतु प्रशासनिक प्रक्रियाओं और उपेक्षा के चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। सड़क सुविधा के अभाव में दरणा गांव के लोगों को आज भी बीमार मरीजों को जंगलों और दुर्गम पगडंडियों से डोली में बैठाकर लगभग चार किलोमीटर दूर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से स्थानीय मीडिया और जनचर्चाओं का विषय बनी हुई थी। भूमि पूजन के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख किसन बोरा ने कहा कि लगभग 3.8 किलोमीटर सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्रामीणों ने इस बात पर नाराजगी भी जताई कि इतने महत्वपूर्ण भूमि पूजन कार्यक्रम में कोई भी सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी मौजूद नहीं रहा। सामान्यतः ऐसे आयोजनों में स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष अथवा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति देखी जाती है, लेकिन इस कार्यक्रम में अधिकांश वीआईपी चेहरे नदारद रहे। ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक उदासीनता से जोड़ते हुए चिंता व्यक्त की। भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मोहन बोरा, पूर्व प्रधान राजेन्द्र किरमोलिया, मंगल राणा, दीवान सिंह किरमोलिया सहित अनेक स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क की यह योजना जल्द धरातल पर पूरी तरह साकार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *