तीन क्रिकेटरों को किया गया सस्पेंड, कोच पर जानलेवा हमले का था आरोप

Spread the love

पुडुचेरी, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी (सीएपी) ने अंडर-19 कोच पर हमले के आरोपी प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. ये तीनों खिलाड़ी (जे. कार्तिकेयन, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन) हाल के वर्षों में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
सीएपी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘ये तीनों एक गंभीर आपराधिक मामले में शामिल थे, जिसमें अंडर-19 कोच वेंकटरमन पर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने के आरोप शामिल हैं. एसोसिएशन ने आगे बताया कि यह घटना 8 दिसंबर, 2025 को हुई थी और सेदुरपेट पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक चार्जशीट दायर की जा चुकी है. यह मामला फिलहाल पुडुचेरी की माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष विचाराधीन है.’
इसके अलावा सीएपी ने इन खिलाड़ियों को अपने किसी भी परिसर में प्रवेश करने से निलंबित कर दिया है और उन्हें राज्य संघ की किसी भी सुविधा का उपयोग करने से रोक दिया है. इन खिलाड़ियों को किसी भी राष्ट्रीय या विदेशी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं होगी और यह निलंबन तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक माननीय न्यायालय इस मामले का निपटारा नहीं कर देता और आरोपियों को सभी आरोपों से बरी नहीं कर देता.
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी का यह कदम इस बात को रेखांकित करता है कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई कितनी गंभीर है. तीनों आरोपियों के पास राज्य क्रिकेट निकाय के आचार संहिता अधिकारी/लोकपाल के समक्ष अपील करने का विकल्प है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *