तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा : खाई में गिरी टूरिस्ट वैन, 9 लोगों की मौत; 4 घायल

Spread the love

कोयंबटूर , तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपराई पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। केरल से आई एक टूरिस्ट वैन गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, वैन में कुल 13 लोग सवार थे, जो केरल के मलप्पुरम जिले के निवासी थे। सभी लोग वालपराई घूमने आए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। वैन जब वालपराई-पोलाची पहाड़ी मार्ग से नीचे उतर रही थी, तभी 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वैन बैरियर से टकराकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। बाद में एक घायल ने पोलाची सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।
घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में कुछ लोग मलप्पुरम के एक स्कूल के शिक्षक बताए जा रहे हैं, जो टूर पर आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *