ट्रैक्टर-मिक्सर ने छीन ली 18 साल की वैष्णवी की जिंदगी

Spread the love

देहरादून। क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के चार खंबा चौक के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वैष्णवी रावत अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल अपने कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए सीमेंट मिक्सर मशीन लगे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीछे से आया ट्रैक्टर, चंद पलों में थम गई जिंदगी
पुलिस के अनुसार घटना 9 अगस्त की रात की है। वैष्णवी रावत अपनी बड़ी बहन के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी। दोनों चार खंबा चौक के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से सीमेंट मिक्सर मशीन लगा ट्रैक्टर आया।
आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए वैष्णवी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वैष्णवी सड़क पर गिर गई और उसका सिर सीमेंट मिक्सर मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल वेलमैड अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
महज 18 वर्ष की उम्र में वैष्णवी की मौत से परिवार में मातम पसर गया। जिस बेटी के भविष्य को लेकर परिवार ने कई सपने संजोए थे, वह एक सड़क हादसे में हमेशा के लिए परिवार से दूर हो गई। बड़ी बहन के साथ कमरे की ओर निकली वैष्णवी का सफर कुछ ही दूरी पर खत्म हो गया। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिता की तहरीर पर मुकदमा, आरोपी चालक गिरफ्तार
घटना के संबंध में वैष्णवी के पिता प्रदीप सिंह रावत की तहरीर पर क्लेमेंटाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) और 281 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 11 अगस्त को आरोपी ट्रैक्टर चालक कैलाश पुत्र रतिराम, निवासी सुंदरपुर, थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और वाहन कब्जे में लेने की कार्रवाई में आशारोड़ी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रसाद, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *