थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ बाजार में आए दिन बिजली की कटौती से व्यापारी और स्थानीय लोग परेशान हैं। व्यापारियों ने क्षेत्र के बिजली सब स्टेशन में जाकर विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने ज्ञापन में बाजार के लिए अगल से लाइन बिछाने की मांग उठाई। थत्यूड़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अकबीर पंवार ने कहा कि बाजार में अधिकतर समय बिजली गुल रहने से व्यापारियों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग जरूरी काम के लिए बाजार आते हैं लेकिन बिजली नहीं रहने के कारण लोगों के ऑनलाइन कार्य, फोटो काफी सहित अन्य जरूरी कार्य बाधित होते हैं। उन्होंने ईई से थत्यूड़ बाजार के अलग से बिजली की लाइन बिछाने के साथ नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
जल्द बिजली की समस्या को दूर नहीं की गई तो व्यापारी विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस बाबत विभागीय अवर अभियंता विजय रतूड़ी ने कहा कि थत्यूड़ बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बराबर बनी रहती है। बाजार के लिए अगल से बिजली लाइन का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।