जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी की दो घटनाओं का कोटद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए पिल्ला गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो किशोर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की रोलेक्स घड़ी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार हरिद्वार क्षेत्र निवासी प्रदीप कुकरेती ने 19 जून को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन जून को परिवार सहित बाहर जाने के दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान ले गए। वहीं 21 जून को जल निगम कॉलोनी में रहने वाले अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल ने भी अपने सरकारी आवास में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिल्ला गैंग के छ: सदस्यों को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कौड़िया निवासी प्रमिंद्र उर्फ पप्पी, सूर्यानगर निवासी अमन कुमार, सजवान कॉलोनी निवासी सुरेंद्र उर्फ सनम और नजीबाबाद निवासी तस्लीम अहमद उर्फ काला शामिल हैं। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों से रोलेक्स कंपनी की घड़ी, इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलिंडर, एलसीडी टीवी सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।