रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में यात्रियों के पर्स और बैग चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से यात्रियों के चोरी किए गए पर्स, दस्तावेज और नकदी भी बरामद हुई है। बीते शनिवार को केदारनाथ चौकी में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग पर थे। इस दौरान पुलिस को शिकायत मिली कि घोड़ापड़ाव के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं जो यात्रियों का सामान चोरी करने के फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी ने बताया कि आरोपियों की पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार निवासी लुधियाना पंजाब के रूप में हुई। आरोपियों के पास से आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पर्स, हैंडबैग, 5450 रुपये नकद और एक रेलवे टिकट भी बरामद हुआ। गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सक्रिय रहता था और लाइन में खड़े यात्रियों को निशाना बनाता था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।