गधोली में ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में गिरी, दो युवकों की मौत

Spread the love

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर गधोली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में ट्रॉली में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या यूके02सीए-0073 सुंदरपुर क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा पूर्वाह्न करीब 11:20 बजे हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर में सवार दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय चतुर राजी निवासी नेपाल तथा 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अल्मोड़ा और एनटीडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया और एंबुलेंस से बेस अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *