अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहुंचे कोलकाता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात

Spread the love

नई दिल्ली , अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर पहुंच चुके हैं। रुबियो का विमान सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया। रुबियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
सर्जियो गोर ने ‘एक्सÓ पर लिखा, मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। भारत की यह उनकी पहली यात्रा है। आज बाद में हम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। हम व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर अगले कुछ दिनों में चर्चा करेंगे और प्रगति करेंगे!
एक अन्य पोस्ट में सर्जियो गोर ने लिखा, मार्को रुबियो का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है! हमारे सामने एक महत्वाकांक्षी एजेंडा है, जिसमें क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक भी शामिल है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के भारत-अमेरिका साझेदारी को और भी मजबूत बनाने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना है। हम बेहतरीन बातचीत और साथ मिलकर वास्तविक प्रगति करने के लिए उत्सुक हैं।
सर्जियो गोर ने बताया कि ट्रंप 2.0 के सबसे महत्वपूर्ण दौरों में से एक माने जा रहे इस भारत दौरे पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो एक स्पष्ट संदेश लेकर आए हैं। 21वीं सदी में अमेरिका की सफलता के लिए भारत अपरिहार्य बना हुआ है। रणनीतिक साझेदारियों की असली परीक्षा यह है कि दोनों पक्ष मतभेदों को कैसे सुलझाते हैं और साझा आधार को कैसे बढ़ाते हैं। व्यापार, प्रौद्योगिकी, एआई और आपूर्ति शृंखलाओं से लेकर रक्षा और ऊर्जा तक, वाशिंगटन और नई दिल्ली को अलग-अलग रहने की तुलना में साथ मिलकर कहीं अधिक लाभ होगा।
गौरतलब है कि अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय ने रुबियो के चार दिवसीय भारत दौरे का कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार, मार्को रुबियो शनिवार को दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी। रविवार, 24 मई को सुबह 11:30 बजे वह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसी दिन शाम 6 बजकर 20 मिनट पर वह अमेरिकी दूतावास में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
अगले दिन, सोमवार 25 मई को सुबह 9 बजे वह आगरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
अपने दौरे के आखिरी दिन मंगलवार, 26 मई को सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर अमेरिकी विदेश मंत्री नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे फैमिली फोटो कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर सुबह 9 बजे हैदराबाद हाउस में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर प्रेस स्टेटमेंट जारी किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे मार्को रुबियो अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *