जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : छावनी परिषद लैंसडौन द्वारा मयूर सिनेमा टॉकीज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई निरीक्षक, छावनी परिषद के सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दूतों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छावनी परिषद लैंसडौन के अध्यक्ष एवं गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सिविल जज प्रिया शाह ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों के आधार पर शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड देहरादून द्वारा प्रदत्त 7,500 की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष उन्हें कमांड हाउस से भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जा चुका है। सम्मानित स्वच्छता दूतों में दीपक अग्रवाल, संजू कनौजिया और महिपाल सिंह रावत सहित सफाई कर्मचारी शामिल हैं। छावनी परिषद ने बताया कि समारोह का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नगर को स्वच्छ रखने में योगदान देने वालों का उत्साहवर्धन करना है। कार्यक्रम में कैंट अधिकारी और छावनी परिषद कार्यालय के कर्मचारी और अन्य उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे।