जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कोट ब्लॉक के सबदरखाल समेत कई गांवों में बंदरों और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि उत्पाती बंदर अब लोगों के घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बंदर और लंगूर सिर्फ खाने का सामान ही नहीं उड़ा रहे, बल्कि खेतों में खड़ी फसलों को भी चौपट कर रहे हैं। सेब और कीवी के पौधों की कोपलों तक को तोड़कर खा जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई मकानों की पठाल और रेलिंग भी बंदरों ने तोड़ दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रसोई में रखा भोजन, फल और बाजार से लाया गया सामान भी सुरक्षित नहीं रह गया है। चरोली, पाबौ, कुंडी और पवनपुरी गांवों के लोगों ने बताया कि बंदर राह चलते लोगों के हाथों से थैले छीन रहे हैं और सामान फाड़कर सड़क पर बिखेर दे रहे हैं। ग्रामीणों व बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है, क्योंकि कई बार बंदर लोगों पर झपट्टा भी मार रहे हैं। कल्पेश्वरी देवी ग्राम प्रधान चरोली का कहना है कि आए दिन घर के भीतर बंदर व लंगूर घुसकर खाने का सामान उड़ा ले जा रहे हैं। वन विभाग को कई बार सूचित करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीण बलवंत सिंह ने कहा कि बंदरों व लंगूरों ने मकानों की पठाल और रेलिंग तोड़ दी है। गांव में सेब और कीवी के पौधे लगाए थे बंदर और लंगूर पौधों की कोपलों तक को तोड़कर खा जा रहे हैं।