ऋषिकेश में चारधाम यात्रा को बह रही भक्ति की बयार

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के लिए हर दिन आस्था उमड़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों से तीर्थयात्रियों के जत्थे ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए चारधाम ट्रांजिट केंद्र में पहुंच रहे हैं। यात्रियों के लिए प्रशासन ने हेल्थ स्क्रीनिंग, भोजन और विश्राम के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए हैं, जिससे यात्रियों के चेहरे पर आस्थापथ पर रवाना होने से पहले सुकून भी दिख रहा है। सोमवार को सुबह से ही ट्रांजिट केंद्र में स्थापित 24 काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शाम पांच बजे तक आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों के 2,084 यात्रियों ने धामों के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।
जय बदरी-जय केदार के जयकारों के साथ उन्होंने यात्रा शुरू की। 17 अप्रैल से प्रारंभ हुए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटरों के बाद से अब तक 20 हजार से ज्यादा यात्रियों का पंजीकरण किया जा चुका है। यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए छह काउंटर यात्रा बस अड्डे पर भी संचालित किए जा रहे हैं। यात्रियों को धूप से बचाने के लिए परिसर में टैंट की व्यवस्था की गई है। बड़ी-बड़ी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को धामों के मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की जानकारी भी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *