बाइक की टक्कर से महिला की मौत, युवक घायल

Spread the love

नई टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर नागणी बाजार के समीप दोपहिया वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। बाइक सवार घायल हो गया। उसे उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में भर्ती किया गया है। नागणी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि नेपाली मूल की सुरमा देवी (52) जाजल में रहती थी। वह बेटे राज के साथ नागणी आई हुई थी। दोपहर करीब 12.30 नागणी के समीप वह बस में बैठने का इंतजार कर रही थी। तभी चंबा से ऋषिकेश जा रही बस के आने से महिला उसमें बैठने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से देहरादून से भागीरथीपुरम आ रहे शिवम चमोली (19) पुत्र सुरेश चमोली की बाइक की चपेट में महिला आ गई। टक्कर लगते ही महिला दूर जा गिरी। सूचना पर नागणी पुलिस चौकी की टीम ने महिला को नरेंद्रनगर अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि शिवम देहरादून में बीकॉम की पढ़ाई करता है। दुर्घटना में शिवम के पैर में चोट आई है। नरेंद्रनगर अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस को मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मृतक नेपाली महिला का परिवार जाजल में स्थानीय लोगों के खेतों में सब्जी आदि का उत्पादन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *