रुद्रपुर। घर से दोस्तों के साथ निकला एक युवक अगले दिन सुबह घर से महज 100 मीटर दूर एक सुनसान इलाके में बने मकान में मृत मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार, निकटवर्ती गांव अमृतनगर संख्या एक निवासी 32 वर्षीय सुजय हीरा पुत्र सुभाष हीरा गुरुवार देर शाम घर से दोस्तों के साथ घूमने गया था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह परिजनों को घर से करीब 100 मीटर दूर सुनसान इलाके में बने एक मकान से उसका शव मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, युवक सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था और शराब का आदी था। उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रथम दृष्टया शराब के सेवन के कारण हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई जा रही है।