कोटद्वार-सतपुली के बीच जगह-जगह बाधित हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पहाड़ और मैदान में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा ने राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति बिगाड़ दी है। सोमवार देर रात से ही कोटद्वार-दुगड्डा और गुमखाल-सतपुली के बीच जगह-जगह मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित होता रहा। कई स्थानों पर घंटों हाईवे बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग खोलने के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों को लगातार काम पर लगाया गया, लेकिन मलबा हटते ही दोबारा पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से परेशानी बनी रही।

लगातार बारिश के चलते कोटद्वार से पहाड़ को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग सबसे अधिक प्रभावित रहा। कोटद्वार से करीब सात किलोमीटर आगे स्थित बरसाती रपटा भी उफान पर आ गया। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कोटद्वार से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को सिद्धबली के समीप रोक दिया, जबकि पहाड़ से मैदान की ओर आने वाले वाहनों को दुगड्डा चेक पोस्ट पर रोकना पड़ा। पुलिस लगातार लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील करती रही।
गुमखाल-सतपुली में भी बार-बार बंद होता रहा मार्ग
गुमखाल-सतपुली के बीच भी बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्ग की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस हिस्से में चल रहे हाईवे चौड़ीकरण कार्य के कारण बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा और बोल्डर सड़क पर आने का खतरा बढ़ गया है। सोमवार देर रात कई स्थानों पर मलबा आने से यातायात बाधित हुआ। मौके पर तैनात जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से मलबा हटाकर मार्ग खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर मलबा आने से हाईवे बंद हो गया। इसके चलते वाहनों को गुमखाल और सतपुली में ही रोकना पड़ा।