जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता अरूण भट्ट ने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सूर्यगनर व बालासौड़ के मध्य बहने वाले बरसाती नाले पर पुलिया का निर्माण न कराए जाने पर आक्रोश जताया। उन्होंने शासन-प्रशासन पर न्यायालय के आदेशों की अनदेखी का आरोप लगाया।

अरूण भट्ट ने कहा कि पूर्ववत्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2012 में सूर्यनगर व बालासौड मध्य बहने वाले बरसाती नाले में पुलिया का निर्माण करवाया गया था, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने उक्त पुलिया के डिजायन पर आपत्ति जताई। क्षेत्र के लोगों का कहना था कि पुलिया के बीच में बने पिल्लरों के कारण वर्षाकाल में कूडा करकट व पेड़ फंस जाने से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है, जिसके कारण विभाग ने पुलिया को ध्वस्त कर दिया था। उसके बाद पुलिया निर्माण को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिधर भट्ट ने न्यायालय में वाद दायर किया था, जिसमें न्यायालय की तरफ से तोड़ी गई पुलिया की जगह दूसरी नई पुलिया बनाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से न्यायालय के आदेशों का पालन कर शीघ्र ही पुलिया का निर्माण करवाए जाने की मांग की है।