विस्थापन की मांग को लेकर व्यापारियों का धरना जारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्टेशन रोड स्थित रेलवे स्टेशन भवन के सामने मौजूद दुकानों को हटाए जाने से पहले प्रभावित व्यापारियों को अन्यत्र स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर व्यापारियों का धरना जारी रहा। धरने पर बैठे दुकानदारों ने कहा कि जब तक उनके विस्थापन की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


स्टेशन रोड पर धरना दे रहे प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि अचानक लोक निर्माण विभाग की ओर से उन्हें दुकानें खाली करने के नोटिस थमा दिए गए हैं। ऐसे में उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों ने मांग की कि उन्हें नगर क्षेत्र में ही किसी उपयुक्त स्थान पर दुकानें लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपना व्यवसाय जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधियों की ओर से मौखिक रूप से विस्थापन का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक इस संबंध में लिखित रूप से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे दुकानदारों की चिंता लगातार बढ़ रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने का अधिकार है। प्रभावित दुकानदार भी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में आंदोलन का सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। धरने में मंगतराम, योगेंद्र वर्मा, सुशील कुमार, मुकेश कुमार वर्मा, महेंद्र भाटिया, प्रदीप कुमार, संजीव जैन, पुनीत वर्मा और प्रमोद कुमार समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *