रक्षाबंधन पर मायके आई बहन की बाइक से गिरकर मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षाबंधन के पर्व पर भाइयों को राखी बांधने मायके आई एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने राजकीय बेस चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के किशनपुर निवासी अनामिका (पत्नी अंकुर नैथानी) रक्षाबंधन पर तल्ला मोटाढाक स्थित अपने मायके आई थीं। भाइयों को राखी बांधने के बाद वह अपने भाई की बाइक पर सवार होकर बुआ के घर जाने के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि बलभद्रपुर क्षेत्र में अचानक वह बाइक से सड़क पर गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अनामिका की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी चिकित्सालय पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दु:खद घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अनामिका के पिता मनमोहन दुदपुड़ी क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों में शामिल हैं। वह ग्रामसभा तल्ला मोटाढाक के प्रधान भी रह चुके हैं। हादसे की खबर के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *