देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के निवासियों और फौजियों को दून में जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर भूमाफिया और उसके सहयोगी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। यह वर्ष 2013 से जमीन की डील कर लोगों को ठगता आ रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शुक्रवार दोपहर प्रेसवार्ता कर घटना की जानकारी दी। बताया कि 15 अक्तूबर 2025 को विक्रम सिंह निवासी सहस्रधारा रोड ने रायपुर थाने में केस दर्ज कराया। बताया कि प्रदीप सकलानी, अभय कुमार और अजय सजवाण ने सोडा सरोली स्थित एक भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे अपने परिचित की बताकर तीस लाख रुपये का सौदा कर लिया। आरोपियों ने फर्जी एग्रीमेंट बनाकर बयाने की रकम हड़प ली। जब पीड़ित को जमीन के असली मालिकों के बारे में पता चला और उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लगातार फरार चल रहा था। जिस पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। एसएसपी ने बताया कि प्रदीप सकलानी पुत्र भूपदेव सकलानी निवासी पशुपति हाईट्स बंजारावाला उम्र 42 वर्ष और अजय सजवाण पुत्र रमेश सिंह निवासी निवासी बछेत रोड, ग्राम औली, रायपुर को डालनवाला से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदीप जमीन की धंधेबाजी में शातिर अपराधी है। वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार देहरादून के अलग-अलग इलाकों में किराए के मकान बदल रहा था और हर दो-तीन महीने में अपना ठिकाना बदल देता था। रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार उनकी टीम ने लंबी सुरागरसी के बाद दोनों को दबोचा।