जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कण्वघाटी क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर डू समथिंग सोसाइटी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। संस्था ने क्षेत्र के विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी को उच्चीकृत कर स्नातकोत्तर स्तर की कक्षाएं संचालित करने की मांग की है।

संस्था के अध्यक्ष मयंक प्रकाश कोठारी की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कण्वघाटी क्षेत्र के कई छात्र-छात्राओं को स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित महाविद्यालय का रुख करना पड़ता है। प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने के साथ ही वाहन किराये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पड़ता है। ज्ञापन में कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए रोजाना आवागमन का खर्च वहन करना मुश्किल होता है। इसके चलते कई विद्यार्थी स्नातक के बाद अपनी उच्च शिक्षा जारी नहीं रख पाते हैं। संस्था ने कहा कि यदि राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी को स्नातकोत्तर स्तर तक उच्चीकृत किया जाता है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में आगे की पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा। डू समथिंग सोसाइटी ने कहा कि महाविद्यालय के उच्चीकरण का सबसे अधिक लाभ आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इससे उन्हें दूरी और आर्थिक परेशानियों के कारण उच्च शिक्षा छोड़ने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी। संस्था के अनुसार, इस मांग को लेकर पूर्व में भी मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को पत्रों के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। संस्था ने सरकार से विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र का कोई भी छात्र-छात्रा आर्थिक तंगी या दूरी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।