विधायक ने किया विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

विकासनगर। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव और नुकसान का विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने ग्राम पंचायत डूमेट, जमुनापुल (बाढ़वाला) और नवाबगढ़ का दौरा कर प्रभावित ग्रामीणों एवं नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बारिश से हुए नुकसान और जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा बाधित बुनियादी सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। नवाबगढ़ में स्थानीय नागरिकों ने भी बारिश के बाद उत्पन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाने को कहा।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से क्षेत्रवासियों के साथ खड़ा है। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान नवाबगढ़ श्रीमती शहाना अली अहमद, उप प्रधान भानु मनीष ठाकुर सहित वरिष्ठ नागरिक एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *