जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता मधु भट्ट ने कहा कि चंपावत की घटना से साबित हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के लिए किस हद तक जा सकती है और किस तरह निम्न स्तर के हथकंडे अपनाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए संवेदनशील है। कहा कि देवभूमि की संस्कृति को धूमिल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मालवीय उद्यान स्थित जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मधु भट्ट ने कहा कि चंपावत प्रकरण में पुलिस ने 10 सदस्यीय एसआईटी टीम गठित की। पीड़िता व स्थानीय लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों का संकलन किया। नामजद आरोपियों की मौजूदगी घटना स्थल पर नहीं पाई गई। गवाहों के बयानों व तकनीकी साक्ष्यों से भी इस बात की पुष्टि हो चुकी है। सरकार का प्रयास है कि महिला अपराधों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी किसी भी सूरत में बच न पाएं। इस मौके पर महिला मोर्चा की कोटद्वार जिला सह प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता ममता रतूड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, जिला महामंत्री लक्ष्मी रावत, जिला उपाध्यक्ष हंसलता, प्रदेश मंत्री अनीता आर्य मौजूद रहीं।