श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा पर आए मॉरीशस के 12 यात्रियों से भरे एक टेंपो ट्रैवलर का मंगलवार को कीर्तिनगर के दुगड्डा चौकी के पास अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक की सूझबूझ और उत्तराखंड पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। चौकी दुगड्डा के पास वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक ने तत्काल हैंड ब्रेक का इस्तेमाल कर वाहन को नियंत्रित किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकालकर चौकी में बैठाया। इसके बाद मोटर मैकेनिक को बुलाकर वाहन के ब्रेक ठीक करवाए गए। वाहन सही होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। (एजेंसी)