258 अग्निवीर रिक्रूट्स भारतीय सेना की गढ़वाल राईफल्स में शामिल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के नायक भवानी दत्त जोशी अशोक चक्र परेड ग्राउंड में 258 अग्निवीरों की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। 24 सप्ताह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण के बाद, इन जांबाज युवाओं ने राष्ट्र रक्षा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली।
शुक्रवार को गढ़वाल राईफल्स रेजिमेंटल केंद्र के नायक भवानी दत्त जोशी, अशोक चक्र परेड ग्राउंड, लैंसडौन में आयोजित पासिंग आउट परेड में 24 सप्ताह के कठिन परिश्रम के पश्चात देश सेवा के लिए तैयार अग्निवीर कोर्स-8 बैच-1 के 258 अग्निवीर रिक्रूटों को भारतीय सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ। परेड के पुनरीक्षक अधिकारी एवं कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने परेड की सलामी लेने के बाद निरीक्षण किया। इससे पूर्व डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुलदीप सिरोही और प्रशिक्षण बटालियन कमांडर कर्नल सुमित वेदवाल ने परेड की सलामी ली। सैन्य बैंड की मधुर धुनों के बीच अग्निवीरों की छह टुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। परेड का नेतृत्व अग्निवीर रिक्रूट हिमांशु ने किया, जबकि बैंड दल की अगुवाई नायब सूबेदार वीरेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज टोली के समक्ष अग्निवीरों ने तिरंगे को सैन्य सम्मान प्रदान किया। टोली का नेतृत्व सूबेदार मनीष पांथरी ने किया। इसके बाद सभी धर्मों के धार्मिक गुरुओं की उपस्थिति में रिक्रूटों ने धार्मिक ग्रंथों पर हाथ रखकर राष्ट्र रक्षा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने नव प्रशिक्षित सैनिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गढ़वाल राइफल्स की गौरवशाली सैन्य और सामाजिक परंपराएं देशभर में सम्मान के साथ देखी जाती है। कहा कि सैनिकों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रेजिमेंट और देश का नाम रोशन करना होगा। इस अवसर पर अग्निवीरों के माता-पिता और अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। सेना अधिकारियों ने उनके योगदान और त्याग की सराहना करते हुए उन्हें गौरव पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *