देहरादून। डालनवाला थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर घर में अकेले रह रहे 60 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। करनपुर चौकी इंचार्ज विक्की टम्टा ने बताया कि मृतक की पहचान धनंजय सिंह राणा के रूप में हुई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पता लगा कि धनंजय के पिता वायुसेना से जीओसी के पद से सेवानिवृत्त थे।
धनंजय अपनी माता रानी राणा के साथ इसी घर में रहते थे और उनका भरण-पोषण माता को मिलने वाली पेंशन से ही होता था। करीब दो महीने पहले उनकी माता का भी देहांत हो गया था। जिसके बाद से धनंजय अकेले हो गए थे। मानवीयता दिखाते हुए आसपास के पड़ोसी ही उन्हें रोजाना खाना मुहैया करा रहे थे।
सोमवार दोपहर जब धनंजय खाने के लिए नहीं उठे तो पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा, जहां वे मृत अवस्था में पाए गए। किसी रिश्तेदार की जानकारी न मिलने पर पुलिस ने स्थानीय पार्षद अमित और पड़ोसियों की मौजूदगी में शव को एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने घर पर ताला लगाकर चाबी थाने में जमा कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उनके परिचितों की तलाश की जा रही है।