मैकेनिक ने दुकान में फंदा लगाकर की आत्महत्या

Spread the love

देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के दीपनगर में 19 वर्षीय मोटर मैकेनिक ने दुकान के अंदर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि रविवार देर शाम पुलिस को दीपनगर स्थित एक मोटर मैकेनिक की दुकान में आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक की शिनाख्त दीपनगर निवासी 19 वर्षीय दिव्यांशु पुत्र राज कश्यप के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में दिव्यांशु के पिता ने बताया कि उनका बेटा इसी दुकान पर मैकेनिक का काम करता था। रविवार शाम जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर बंद था। उन्होंने बेटे को फोन किया। कई बार प्रयास के बाद भी उसने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने दुकान मालिक से बात की, जिन्होंने दिव्यांशु के दुकान पर ही होने की जानकारी दी। जब उन्होंने शटर उठाकर देखा तो अंदर दिव्यांशु फंदे पर झूलता मिला। जवान बेटे को इस हाल में देख पिता के होश उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई की और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका कारण साफ नहीं हो पाया है। कारण की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *