जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विकास खण्ड सभागार जखोली में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस/जन समर्पण दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं, उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन कार्यक्रमों, मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन योजनाओं तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी क्षेत्रवासियों को प्रदान की। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण, सेवायोजन, कृषि, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास सहित अन्य विभागों द्वारा भी अपनी-अपनी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं को उनके क्षेत्र में पहुंचकर सुन रहा है तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जखोली में आयोजित इस तहसील दिवस में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया है। शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार करने एवं आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत जखोली विनीता चमोली, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, खण्ड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम रमाकांत गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह सहित आदि मौजूद थे।