राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में किया देहदान का पंजीकरण
श्रीनगर गढ़वाल : आमतौर पर लोग मृत्यु के बाद की अपनी अंतिम यात्रा को लेकर सोचते हैं, लेकिन टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के कुलेड़ी थाती डागर निवासी 82 वर्षीय कलम सिंह रावत ने अपनी मृत्यु के बाद भी उपयोगी बने रहने का फैसला लिया है। उन्होंने अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित करने का संकल्प लेते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में देहदान का पंजीकरण कराया है।

बुधवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे कलम सिंह रावत ने परिवार की सहमति के बाद देहदान से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। एनाटॉमी विभाग के एचओडी डॉ. अनिल द्विवेदी ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने के बाद उन्हें देहदान का परिचय पत्र प्रदान किया। कलम सिंह रावत ने बताया कि देहदान का विचार उनके मन में काफी समय से था। उनका मानना है कि मनुष्य का शरीर मृत्यु के बाद भी समाज के लिए उपयोगी हो सकता है। इसी सोच के चलते उन्होंने पंडित सत्यानंद डंगवाल से चर्चा की और इसके बाद परिवार के सदस्यों की सहमति लेकर मेडिकल कॉलेज में देहदान का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद मेरा शरीर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अध्ययन में काम आए, इससे बेहतर उपयोग और क्या हो सकता है। यदि नियमानुसार मेरे अंग किसी जरूरतमंद के काम आ सकें तो यह मेरे लिए सबसे बड़ी संतुष्टि होगी। एनाटॉमी विभाग के एचओडी डॉ. अनिल द्विवेदी ने बताया कि देहदान चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। एमबीबीएस और पैरामेडिकल के विद्यार्थियों को मानव शरीर की वास्तविक संरचना को समझने में दान किए गए शरीर से महत्वपूर्ण व्यावहारिक ज्ञान मिलता है। उन्होंने बताया कि देहदान के लिए निर्धारित प्रपत्र भरकर पंजीकरण कराया जाता है। परिवार की सहमति समेत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद देहदानकर्ता को परिचय पत्र दिया जाता है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। (एजेंसी)