जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पाबौ ब्लॉक के सैंजी-नौठा मार्ग के बीच जंगल में चारापत्ती लेने गई एक युवती पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरी। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी पाबौ में प्राथमिक उपचार के बाद युवती को जिला अस्पताल पौड़ी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुरांसी निवासी पायल शुक्रवार को जंगल में चारापत्ती लेने गई थी। इसी दौरान अचानक से संतुलन बिगड़ने पर वह गहरी खाई में गिर गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। तत्पश्चात जगतेश्वर इंटर कॉलेज के छात्रों ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर युवती का रेस्क्यू किया। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने 108 एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पाबौ पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में रेफर किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि युवती के हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आईं हैं। स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।