यन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला पंचायत की वित्तीय वर्ष 2026-27 की त्रैमासिक बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया। जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। बैठक में नव नियुक्त मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी का जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, उपाध्यक्ष आरती नेगी और सभी सदस्यों ने स्वागत किया। वहीं, हर बार की तरह इस बार भी जिलाधिकारी की बैठक में अनुपस्थिति पर जिला पंचायत सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की।
बैठक के सफल संचालन और सभी सदस्यों को विश्वास में लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जिला पंचायत अध्यक्ष को सदन के सबसे वरिष्ठ एवं सबसे कम उम्र के सदस्य द्वारा बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक समाप्त होने के बाद जिला पंचायत सदस्य संगठन की नव निर्वाचित अध्यक्ष पूनम कैंथुरा के नेतृत्व में सभी सदस्य जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने जिलाधिकारी से भविष्य में जिला पंचायत बैठकों में प्रतिभाग करने का अनुरोध किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सभी जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।