देहरादून। लोगों को भरोसे में लेकर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के आरोप में फरार चल रहे आदर्श वीर धवन को राजपुर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद आरोपी को लुधियाना स्थित सीएससी सेंटर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आदर्श वीर धवन के खिलाफ थाना राजपुर में धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। पहला मुकदमा 13 मार्च 2026 को अनिल कुमार निवासी रिंग रोड, रायपुर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि धवन शिकायतकर्ता और उसके साथियों के वाहन किराए पर लेकर गया और उन्हें आगे किराए पर लगाकर लाभ दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसने करीब 45 लाख रुपये भी ले लिए। आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद न तो वाहन वापस किए गए और न ही रकम लौटाई गई। पुलिस के अनुसार रकम और वाहन वापस मांगने पर आरोपी की ओर से गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया। मामले में थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026, धारा 316(2)/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।वहीं, 16 जुलाई 2026 को आरोपी के खिलाफ दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता देवकुश ने आरोप लगाया कि आदर्श वीर धवन ने अपनी क्रेटा कार 9.50 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया। रकम लेने के बाद भी वाहन उनके नाम ट्रांसफर नहीं कराया गया और पैसे भी वापस नहीं किए गए। इस मामले में थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन वह अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। बाद में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। मैन्युअल पुलिसिंग और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से पुलिस को आरोपी के लुधियाना में होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस की टीम पंजाब पहुंची और 16 अगस्त को लुधियाना स्थित सीएससी सेंटर से आदर्श वीर धवन पुत्र जुगल किशोर धवन, निवासी नई बस्ती, विवेक विहार, राजपुर, देहरादून, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल मोहित, कांस्टेबल अमित तथा एसओजी नगर के हेड कांस्टेबल किरन कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।