पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Spread the love

सतपुली के निकट रेपुर भिताड़ा पुल में रस्सी डालकर लगाई फांसी

आत्महत्या करने से पूर्व सतपुली पुलिस पर लगाए उत्पीड़न के आरोप

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली ग्राम रेतपुर निवासी एक युवक ने रतेपुर भिताड़ा पुल में रस्सी से लटककर आत्महत्या कर दी। युवक ने आत्महत्या करने से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी डाला। जिसमें उसने सतपुली पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस ने उसकी मोटर साइकिल को सीज कर दिया। फांसी लगाने के दौरान युवक ने हेलमेट पहना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को जांच सौंपी है। साथ ही थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है।
शनिवार सुबह लोगों को पुल पर रस्सी से लटकता हुआ शव दिखाई दिया। हेलमेट पहनने के कारण शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। जिसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नीचे उतारा। हेलमेट हटाने पर शव की पहचान ग्राम रेतपुर निवासी पंकज कुमार (20 वर्ष) पुत्र स्व. प्रकाश चंद के रूप में हुई। युवक ने फांसी लगाने से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडिया भी डाला। जिसमें उसने सतपुली पुलिस पर उसकी मोटर साइकिल सीज करने व उत्पीड़न का आरोप लगाया। युवक की मौत व वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी सर्वेश पंवार ने मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंपी है। एसएसपी ने कहा कि घटना स्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई है। चिकित्सकों के विशेष पैनल से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। कहा कि मामले में कोई भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सतपुली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि उक्त युवक शराब के नशे में मोटर साइकिल चला रहा था। उसने एक व्यक्ति को भी टक्कर मारी। जिसके बाद उसकी मोटर साइकिल को सीज कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंकज गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था। 25-26 अप्रैल को उसकी बड़ी बहन की शादी थी। जिसके लिए वह घर आया हुआ था। पंकज के पिता प्रकाश चंद्र की कोरोनाकाल के समय मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद पंकज के कांधों पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। पंकज की एक नौ वर्ष की छोटी बहन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *