नीट-यूजी परीक्षा के लिए प्रशासन तैयार

Spread the love

डीएम ने दिये अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आगामी 03 मई को प्रस्तावित नीट-यूजी परीक्षा के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने एसडीएम चमोली एवं पुलिस उपाधीक्षक को ट्रैफिक रूट मैप तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा किसी भी अभ्यर्थी के ट्रैफिक जाम में फंसने की स्थिति में उसे समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश देते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था, जैमर की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश नोडल अधिकारी पुष्पलता आर्या को दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रबंधन संबंधी समस्या न हो। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सहायता हेतु जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के माध्यम से टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशीलता बनाए रखने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अमित अग्रवाल निदेशक प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैण सहित वर्चुअल माध्यम से एसडीएम चमोली आरके पांडे पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा जुड़े रहे।

प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण गोपेश्वर को बनाया गया परीक्षा केंद्र
चमोली : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा रविवार 03 मई को अपराह्न 02 से 05 बजे तक नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिसके लिए जनपद में एकल परीक्षा केन्द्र प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण गोपेश्वर बनाया गया है। परीक्षा को सुव्यस्थित, नकलविहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार के आदेशों के क्रम में परगना मजिस्ट्रेट चमोली राजकुमार पाण्डेय द्वारा परीक्षा केन्द्र की 200 मीटर की परिधि में धारा 163 लगायी गयी है। परीक्षा केन्द्र की 200 मीटर की परिधि के अन्तर्गत 05 से अधिक व्यक्ति एक स्थान पर एकत्र नहीं होंगे। परीक्षा केन्द्र में किसी व्यक्ति को सेलुलर फोन व पेजर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केन्द्र के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग वर्जित रहेगा। एवं कोई भी व्यक्ति जुलूस, झांकी, जनसभा प्रदर्शन नहीं करेगा। कोई व्यक्ति परीक्षा केन्द्र के आसपास अस्त्र नहीं ले जाएगा। परीक्षा केन्द्र में साहित्य, प्रेसनोट, पम्पलेट व पोस्टर बैनर नहीं लगाए जाएंगे। यह आदेश परीक्षा शुरू होने की तिथि से सम्पन्न होने तक प्रभावी रहेगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
चमोली : आगामी 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली यूजी-नीट परीक्षा को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशों के क्रम में अभ्यर्थियों की सुविधा और सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। परीक्षा के दिन यदि किसी अभ्यर्थी को ट्रैफिक जाम, मार्ग अवरोध, या अन्य किसी कारणवश परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है, तो वे तत्काल हेल्पलाइन नंबर 9411352136/ 7895500501 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य समस्या या आपात स्थिति में भी इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र के लिए प्रस्थान करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में घबराने के बजाय हेल्पलाइन का उपयोग करें। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को परीक्षा में सम्मिलित होने का समान अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *