छात्रों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज जयदेवपुर सिगड़डी में स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पेट में होने वाले कृमि संक्रमण (कीड़े) से बचाना तथा उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दवा के महत्व और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ध्यानी के मार्गदर्शन, भौतिक विज्ञान प्रवक्ता राजेंद्र कुमार, जीव विज्ञान प्रवक्ता दीपक लखेड़ा के नेतृत्व में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि एल्बेंडाजोल की गोली बच्चों के शरीर में मौजूद हानिकारक कृमियों को समाप्त करने में सहायक होती है। पेट में कीड़े होने से बच्चों में कमजोरी, भूख कम लगना, थकान, खून की कमी तथा पढ़ाई में ध्यान न लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस दवा के सेवन से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है, पोषण सही प्रकार से शरीर को मिलता है तथा उनकी शारीरिक और मानसिक वृद्धि में सहायता मिलती है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने, हाथ धोने तथा साफ भोजन ग्रहण करने की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *