गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के वाहन समूह में छ: इलेक्ट्रिक वाहन शामिल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छ: इलेक्ट्रिक वाहनों को सेंटर के वाहन समूह में शामिल किया गया। यह पहल ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के मार्गदर्शन में की गई।
नव सम्मिलित वाहनों में 3 इलेक्ट्रिक कार, 2 इलेक्ट्रिक टेम्पो तथा 1 ई-कार्ट शामिल है। इन वाहनों के उपयोग से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इन वाहनों का उपयोग सेंटर के प्रशासनिक एवं दैनिक कार्यों के अतिरिक्त पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों की सुविधाओं के लिए किया जाएगा, जिससे कार्यक्षमता, सुगमता एवं सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस अवसर पर सेंटर कमांडेंट ने कहा कि भारतीय सेना सदैव आधुनिक तकनीक एवं पर्यावरण के अनुकूल उपायों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों का समावेश भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक सकारात्मक एवं दूरदर्शी कदम है। कमांडेंट ने सभी को पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश दिया। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर द्वारा की गई यह पहल “ग्रीन एवं स्वच्छ कैंट” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *