श्रीनगर गढ़वाल : मुनेठ-कर्णा देवी-बदरगांव मोटर मार्ग का डामरीकरण और उचित मुआवजा न मिलने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता संयुक्त रूप से ग्रामीणों के समर्थन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांगों के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के डामरीकरण और अपने हक के मुआवजे की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण जनता को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी यदि एक माह में सभी काश्तकारों को मुआवजा नहीं दिया गया और डामरीकरण शुरू नहीं किया तो 10 जुलाई को तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। वहीं उत्तराखंड आंदोलनकारी विनोद टोडरिया ने कहा कि कई बार शिकायत के बाद लोनिवि ने मौके का निरीक्षण किया लेकिन डामरीकरण नहीं किया गया। यूकेडी नेता दिनेश मास्टर ने कहा कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जिन लोगों की जमीनें इस मार्ग निर्माण के लिए ली गई हैं उन्हें आज तक मुआवजा नहीं मिला है। समाजसेवी भगत सिंह ने भी प्रशासन व विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, सभासद राहुल कोटियाल, प्रमोद टोडरिया, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र पंवार, लब्बू, जगदीश आर्य, गम्भीर सिंह, उमेद लाल आदि मौजूद रहे। तहसीलदार बीरम सिहं पंवार व लोनिवि ईई धीरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। (एजेंसी)