उत्तरकाशी। डेढ़ दशक पहले बने खांन्सी ब्लाड़ी मोटर मार्ग का आज तक डामरीकरण नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। दो माह बाद बारिश शुरू होनी है और ग्रामीणों को अभी से ही चिंता सताने लगी है। बारिश के समय मोटर मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। इससे ग्रामीणों को नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। लोनिवि बड़कोट ने डेढ़ दशक पहले सात किमी खांसी ब्लाड़ी मोटर मार्ग बनाया था जिसका आज तक डामरीकरण नहीं हो पाया है। डामरीकरण की मांग के लिए ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन सहित लोक सभा चुनाव का बहिष्कार तक कर चुके हैं। वर्ष 2024 में खांन्सी और ब्लाड़ी के लोगों ने लोक सभा चुनाव का बहिष्कार कर मतदान नहीं किया था। तब स्थानीय प्रशासन ने मोटर मार्ग के डामरीकरण का भरोसा दिया था लेकिन चुनाव बीतने के बाद स्थानीय प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने मुड़ कर ग्रामीणों की तरफ नहीं देखा। ग्राम प्रधान सूर्यपाल रावत का कहना है कि डामरीकरण नहीं होने से मोटर मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बारिश के समय दुर्घटना की आशंका से दो पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है जिससे गांव पहुंचने के लिए पौंटी मोल्डा मोटर मार्ग से दस किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं, लोनिवि बड़कोट के अधिशासी अभियंता तरुण कांबोज का कहना है कि खांन्सी, ब्लाड़ी मोटर मार्ग के पांच किमी डामरीकरण की ढाई करोड़ की डीपीआर शासन में स्वीकृति के लिए लंबित है जिसे इस समय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।