नईदिल्ली, दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की एक सहायक प्रोफेसर की हत्या कर दी गई है। उनका शव गुरुवार को फ्लैट के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। प्रोफेसर की पहचान 42 वर्षीय देवोस्मिता पॉल के रूप में हुई। वह शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी की सहायक प्रोफेसर थीं और पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट्स में अकेली रहती थीं। पुलिस को घटना की सूचना देवोस्मिता की बहन देवराती पॉल (49) से मिली थी।
मयूर विहार निवासी देवराती ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दोपहर ढाई बजे अपनी बहन को कई बार फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वह चिंतित होकर अपार्टमेंट पहुंची तो उनके फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने अनहोनी की आशंका से सोसाइटी निवासियों की मौजूदगी में फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में बिस्तर पर देवोस्मिता का खून से लथपथ शव पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला प्रोफेसर के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है, जबकि उनकी कलाई और शरीर पर धारदार हथियार से कटने के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि घर में जबरन घुसने का कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चलता है कि आरोपी महिला को जानता था। महिला फ्लैट में अकेली रहती थी। उनके पति बेंगलुरु में हैं और माता-पिता दिल्ली में ही रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला प्रोफेसर का अपने पति से तलाक को लेकर मुकदमा चल रहा है। दोनों पिछले 4 साल से तलाक की कार्यवाही से गुजर रहे हैं। पुलिस ने घर पर किसी लूटपाट की संभावना को भी इनकार कर दिया है, क्योंकि महिला के कान में सोने की बालियां सही-सलामत मिली हैं और घर से कोई वस्तु गायब नहीं है। महिला का गुरुवार को कॉलेज में प्रमोशन इंटरव्यू निर्धारित था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं।
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला शिक्षक ने 2016 में जामिया मिलिया इस्लामिया से पीएचडी पूरी की थी। उन्होंने बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और महाराजा अग्रसेन कॉलेज से स्नातक किया था। पुलिस ने उनके शव को संरक्षण और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा है और हत्या समेत कई मामलो में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस महिला के बेंगलुरु में रहने वाले पति से भी संपर्क कर रही है।