गुरुकुल कांगड़ी में बड़ा शैक्षणिक विस्तार कर 14 नए कोर्स शुरू किए

Spread the love

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय ने बदलती शैक्षणिक जरूरतों और रोजगारपरक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से करीब 14 नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। विश्वविद्यालय में एक साथ इतने कोर्स शुरू करना अब तक का बड़ा शैक्षणिक विस्तार माना जा रहा है। विवि प्रशासन का कहना है कि नए पाठ्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते समय छात्रों की मांग, उद्योगों की जरूरत और संस्थान की आर्थिक सुदृढ़ता-तीनों पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। खास बात यह है कि विज्ञान और तकनीकी विषयों के साथ-साथ पारंपरिक पाठ्यक्रमों को भी संतुलित रूप से शामिल किया गया है।
नए पाठ्यक्रमों में एमएससी फूड टेक्नोलॉजी एंड न्यूट्रिशन, फार्मास्यूटिकल केमेस्ट्री, नैनोसाइंस एवं नैनो टेक्नोलॉजी, फॉरेंसिक साइंस एवं क्रिमिनोलॉजी, बायोमेडिकल साइंस, बॉटनी और जूलॉजी प्रमुख हैं। इसके अलावा बीटेक रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, बीएससी फिजिक्स (सेमीकंडक्टर), बीकॉम, एमए अर्थशास्त्र और फूड सेफ्टी एंड क्वालिटी में डिप्लोमा जैसे कोर्स भी शुरू किए गए हैं। कन्या गुरुकुल परिसर देहरादून में भी इस सत्र से एमएससी कंप्यूटर साइंस और बीए म्यूजिक की पढ़ाई शुरू की जा रही है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एल.पी. पुरोहित ने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी और मेरिट के आधार पर होगा। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जारी है। छात्र हितों को देखते हुए रजिस्ट्रेशन शुल्क 500 रुपये से घटाकर 200 रुपये कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *