बागेश्वर में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: पार्किंग निर्माण और “नो व्हीकल डे” लागू करने के निर्देश

Spread the love

-बागेश्वर। आकांक्षा कोंडे ने जनपद में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक अव्यवस्था और जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगर क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण, सड़क प्रबंधन और यातायात संचालन को लेकर व्यापक मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिए कि अब शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सरयू पुल और झूला पुल के आसपास सर्फेस पार्किंग विकसित करने के लिए तत्काल सर्वे कर चार दिन के भीतर विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं आरे बाईपास के समीप पार्किंग निर्माण को लेकर ग्रामीण निर्माण विभाग को सर्वे एवं एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया। इसके साथ ही डिग्री कॉलेज तिराहे पर पार्किंग निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने जजी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को भी यातायात बाधा का प्रमुख कारण बताते हुए लोक निर्माण विभाग को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में “नो व्हीकल डे” को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में भी प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन और अन्य संबंधित संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर सुझाव लेने तथा जनसहभागिता के माध्यम से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित चालानी कार्रवाई करने और बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के वाहन सीज करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
नगर पालिका को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाया जाए तथा उपलब्ध पार्किंग क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराया जाए, ताकि मुख्य बाजार और सड़कें अनावश्यक दबाव से मुक्त रह सकें। प्रशासन की इस सख्त पहल को शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *