बाइक सवार पर मधुमक्खियों ने किया हमला, घायल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा-धुमाकोट मोटर मार्ग से गुजर रहे बाइक सवारों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। मधुमक्खियों से जैसे-तैसे जान बचाकर घायलों ने पीएचसी दुगड्डा पहुंचकर उपचार कराया।
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे कुछ लोग बाइकों से सेंधीखाल से दुगड्डा आ रहे थे। मोड़ाखाल वन चौकी के पास से गुजरते समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बाइक सवारों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से घिरे एक ही परिवार के छह सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। सभी मधुमक्खियों से बचाव के लिए छटपटाते हुए भागने लगे। वहीं, इस दौरान सड़क से आवागमन रुक गया। सभी बाइक सवार चीख-पुकार करते हुए एक-दूसरे की जान बचाने की कोशिश कर रहे थे। घटना में ग्राम पंचायत जोगयाणा के नवीन, अरविंद, प्रवीन, नवीन की पत्नी रूबी, उनका सात वर्षीय पुत्र ऋषभ और प्रवीन की पत्नी ज्योति घायल हुए। सभी घायल उपचार के लिए पीएचसी दुगड्डा पहुंचे। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सक के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य थी। नवीन मधुमक्खियों के डंक से अधिक पीड़ित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *