जनता का शोषण कर रही भाजपा सरकार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर महानगर कांग्रेस इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से विभिन्न सवालों को लेकर पोस्ट कार्ड प्रेषित करने के अभियान का आरंभ किया गया। इस दौरान सदस्यों ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जनता के शोषण का आरोप भी लगाया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनोद डबराल ने कहा कि प्रदेश सरकार अभी तक अंकिता हत्याकांड के आठ महीने बाद भी वनंतरा रिजॉर्ट में ठहरने वाले वीआइपी गेस्ट का नाम उजागर नहीं कर पाई है। वहीं रिजॉर्ट को बुलडोजर से ढहाने का कारण भी अनुत्तरित है। इसके अलावा भी घटित कई घटनाओं के कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। इसी के प्रतिरोधस्वरूप प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पोस्ट कार्ड प्रेषित किए जा रहे हैं। मौके पर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सराहना की। इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल, प्रदेश महामंत्री नीलम रावत, महानगर अध्यक्ष शकुंतला चौहान, बलबीर सिंह रावत, महावीर सिंह, अमित राज सिंह, सुवेग जोशी, राजा आर्य और विनोद नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।