जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षा मंत्रालय से संबद्ध भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की कोटद्वार इकाई क्षेत्र की जनता को सौगात देने जा रही है। इकाई सामुदायिक सहभागिता योजना के तहत बेस चिकित्सालय में मैमोग्राफी मशीन स्थापित कर रही है। इस मशीन के स्थापित होने के बाद महिलाओं को स्तन कैंसर की जांच के लिए महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। साथ ही समय से स्तन कैंसर का पता चलने से बेहतर उपचार भी किया जा सकेगा।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में महिलाओं में स्तन कैंसर के 23 लाख नए मामले सामने आए थे। साथ ही छ: लाख से अधिक महिलाओं की मौत स्तन कैंसर के कारण हुई। यहां यह बताना बेहद जरूरी है कि महिलाओं में स्तन कैंसर दुनिया का सबसे आम कैंसर बन गया है और कैंसर के कुल मामलों में से तीन-चौथाई मामले स्तन कैंसर के ही होते हैं। स्तन कैंसर के बढ़ने के पीछे का प्रमुख कारण समय रहते इस बीमारी का पता न लग पाना है। महानगरों में भले ही स्तन कैंसर की जांच के लिए तमाम सुविधाओं हों। लेकिन, छोटे शहरों में आज भी स्तन कैंसर जांच के लिए कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। वर्ष 2023 में श्री सिद्धबली मंदिर समिति व स्व. अखिल ध्यानी स्मृति ट्रस्ट की ओर से स्तर कैंसर जांच के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैंसर विशेषज्ञ डा. अरूज ध्यानी के नेतृत्व में फोर्टिज, मैक्स, मेदांता चिकित्सालयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में पांच महिलाओं का ब्रेस्ट स्कैन किया गया, जिनमें से एक महिला में ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हुई। डा. ध्यानी ने स्पष्ट कहा कि शिविर में अधिकांश मरीज ऐसे थे, जिन्हें इस बात की कोई संभावना नहीं थी कि उन्हें कैंसर की बीमारी हो सकती है। डा. ध्यानी ने कहा कि आमजन को समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहना चाहिए। समस्या यह है कि कोटद्वार सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में स्तन कैंसर की जांच के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। लेकिन, अब जल्द ही कोटद्वार में स्तन कैंसर जांच की सुविधा आमजन को मिलेगी। दरअसल, बीईएल की कोटद्वार इकाई जल्द ही चिकित्सालय में करोड़ों की लागत वाली मैमोग्राफी मशीन स्थापित करने जा रही है। कंपनी प्रबंधन की ओर से बीते वर्ष मशीन खरीदने व इसे स्थापित करने के लिए निविदाएं निकाली गई थी। जिसके बाद अब कंपनी ने मशीन की खरीद कर दी है। साथ ही बेस चिकित्सालय के रेडियोलाजी विभाग में मशीन को स्थापित करने के लिए कार्य शुरू करवा दिया है। चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डा. विजय सिंह ने बताया कि जल्द ही मशीन को स्थापित कर दिया जाएगा।